विद्युत व्यवस्था पर सख्ती: मंडलायुक्त व डीएम ने फॉल्ट और अनियमित आपूर्ति पर जताई नाराजगी, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
गोरखपुर। बढ़ती गर्मी के बीच शहर में विद्युत आपूर्ति की अनियमितता और लगातार हो रहे फॉल्ट को लेकर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कड़ा रुख अपनाया है। आयुक्त सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा भी मौजूद रहे। बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में अनावश्यक बिजली कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी और फॉल्ट की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से उसे ठीक किया जाए।
मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में ओवरलोडिंग के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समय पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि यदि कोई अभियंता जनता या जनप्रतिनिधियों का फोन रिसीव नहीं करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और शासन स्तर तक संस्तुति भेजी जाएगी।
मुख्य अभियंता पंकज अग्रवाल और अधीक्षण अभियंता रंजीत चौधरी को निर्देश दिया गया कि जोनल स्तर पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। इसमें एसडीओ/एई स्तर के अधिकारी, मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी की राउंड द क्लॉक ड्यूटी रहेगी। इसके लिए कंट्रोल रूम नंबर 9415737209 जारी किया गया है, जिसे सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम जनता सीधे शिकायत दर्ज करा सके।
मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने इमरजेंसी गैंग की संख्या बढ़ाने, खराब ट्रांसफार्मर तुरंत बदलने और आने वाले आंधी-पानी के मौसम को देखते हुए अग्रिम तैयारी रखने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपने मोबाइल फोन हमेशा चालू रखें और जनता व जनप्रतिनिधियों की कॉल का तुरंत जवाब दें। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान में तेजी लाकर लोगों को राहत देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सब-स्टेशन स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचना आदान-प्रदान को तेज किया गया है, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक भी जुड़े हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई तय है।















