पीएमजीएसवाई कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा: डीएम सरनीत कौर ब्रोका
ग्रामीण सड़कों के निर्माण, मरम्मत और रिस्टोरेशन कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित सड़क निर्माण, मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लंबित परियोजनाओं, ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी है, उनमें तेजी लाई जाए और कार्यों को तय समय में पूर्ण कराया जाए। साथ ही अनुरक्षण अवधि में आने वाली सड़कों का सत्यापन कर जहां मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां तत्काल कार्य कराया जाए।
उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे और रिंग रोड निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का चिन्हांकन कर संबंधित विभागों से समयबद्ध तरीके से रिस्टोरेशन कार्य कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता नूर आलम, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















