प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को वितरित किए गए क्षतिपूर्ति चेक
कृषक हित में संचालित योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
बस्ती।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि के चेक वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा की उपस्थिति में किसानों को उनके दावों की प्रतिपूर्ति दी गई।
इस अवसर पर विधायक हरैया प्रतिनिधि सरोज मिश्र, विधायक कप्तानगंज प्रतिनिधि गुलाब चंद्र सोनकर, सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष गजेंद्र मणि त्रिपाठी, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार पांडेय, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष आलम चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में हरिहर पति अभिमन्यु सिंह, ईश्वर दत्त, रामकेश, ध्रुव चंद, शिवशंकर मिश्रा, सत्यनारायण सिंह और सत्यराम सहित कई किसानों को चेक वितरित किए गए।
इस दौरान वक्ताओं ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना महत्वपूर्ण है। इस योजना के माध्यम से प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल नुकसान होने पर किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने किसानों को प्राकृतिक खेती और पशुपालन अपनाने का सुझाव दिया, जिससे उत्पादन में गुणवत्ता बढ़ेगी और रसायनों का उपयोग कम होगा। वहीं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अब जमीनी स्तर तक पहुंच रहा है और किसान प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम, जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबू राम मौर्य, जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा एवं यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि शिवकुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















