ब्यूटी पार्लर संचालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संतकबीरनगर। शुक्रवार को खलीलाबाद स्थित मुस्तफा मार्केट में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान 23 वर्षीय रानी साहिबा के रूप में हुई है, जो ‘एंजल ब्यूटी पार्लर’ का संचालन करती थीं।
परिजनों के अनुसार, रानी साहिबा रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे बरदहिया बाजार स्थित अपने पार्लर पर गई थीं। देर रात तक जब उनका फोन नहीं उठा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। मौके पर पहुंचने पर पार्लर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास रानी का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी गहन जांच जरूरी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।















