मंगलवार को कर्रिखास में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, महिलाओं की समस्याओं पर विशेष ध्यान
संतकबीरनगर. इंडो अमेरिकन हॉस्पिटल टेमा रहमत संतकबीरनगर द्वारा ग्राम सभा कर्रिखास में मंगलवार को एक बड़ा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का आयोजन डॉक्टर तैयबा फातमा द्वारा किया गया, जिसमें महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेष फोकस रखा गया। डॉक्टर फातमा ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में महिलाओं को पर्याप्त पानी पीने की जरूरत होती है। पानी कम पीने से पथरी, यूरिनरी इंफेक्शन और अन्य गंभीर रोगों की संभावना बढ़ जाती है। शिविर में महिलाओं को इन समस्याओं के बारे में जागरूक किया गया तथा निःशुल्क जांच और दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं, जिनमें इस्रावती, मीरा, आफरीन, रुकैया, रुखसाना, रोमानी, सोनिया, संगीता सिरोही आदि प्रमुख रहीं। सभी महिलाओं ने शिविर की सराहना की और कहा कि ऐसे निःशुल्क शिविर उनके लिए बहुत उपयोगी साबित हो रहे हैं।
डॉक्टर तैयबा फातमा की टीम ने शिविर में आने वाले सभी मरीजों की जांच की और जरूरी दवाएं दीं।
इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को काफी लाभ पहुंचा। अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही है।















