बस्ती: डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने की गेहूं फसल की क्रॉप कटिंग, प्रति हेक्टेयर उत्पादन 43.5 क्विंटल
बस्ती। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के अंतर्गत जिले में चल रहे क्रॉप कटिंग प्रयोग (Crop Cutting Experiment) के दौरान उच्चाधिकारियों ने फसल का सघन निरीक्षण किया। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने संयुक्त रूप से ग्राम फेरसम, विकास खण्ड सल्टौआ, तहसील भानपुर के गाटा संख्या 12/0.126 हे० में 10 मीटर समबाहु त्रिभुज (43.33 वर्ग मीटर) क्षेत्र की फसल कटाई कर गेहूं की उपज का निरीक्षण किया।कटाई के दौरान कुल 18.9 किलोग्राम गेहूं प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर प्रति हेक्टेयर उत्पादन लगभग 43.5 क्विंटल आंका गया। निरीक्षण के दौरान फसल की उपज को औसतन माना गया।
यह प्रयोग पारदर्शी तरीके से किया गया, ताकि फसल बीमा दावों का सही आकलन हो सके और किसानों को उचित लाभ मिले। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करती है। क्रॉप कटिंग प्रयोग से प्राप्त वास्तविक आंकड़ों के आधार पर ही बीमा क्लेम का निपटारा किया जाता है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी इस प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर दिया और कहा कि जिला प्रशासन किसानों के हित में हर संभव कदम उठा रहा है।इस अवसर पर भू-स्वामी बादुल्लाह (पिता अब्दुल), अपर सांख्यिकीय अधिकारी अजय कुमार चौधरी, नायब तहसीलदार पूजा वर्मा, राजस्व निरीक्षक सुभाष चौबे, लेखपाल शिव कुमार राम, वीरेन्द्र चौधरी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।















