रामनवमी से पहले गोरखपुर पुलिस अलर्ट: भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
गोरखपुर। आगामी रामनवमी पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने थाना कोतवाली और थाना राजघाट क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने तथा आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, कोतवाली थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह, राजघाट थाना प्रभारी पंकज गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद राय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस की इस सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और रामनवमी को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।















