खलीलाबाद सदर सीओ अमित कुमार ने कोतवाली खलीलाबाद के सभी विवेचकों का किया अर्दली रूम, दिए सख्त दिशा-निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार ने सर्किल खलीलाबाद अंतर्गत थाना कोतवाली खलीलाबाद पर नियुक्त समस्त विवेचकों का अर्दली रूम किया।
अर्दली रूम के दौरान थाना कोतवाली खलीलाबाद पर लंबित विवेचनाओं की बिंदुवार एवं विस्तृत समीक्षा की गई। लंबे समय से लंबित प्रकरणों के संबंध में संबंधित विवेचकों से कारण पूछे गए और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में अकारण विवेचना लंबित न रखी जाए।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने सभी विवेचकों को सख्त हिदायत दी कि सभी विवेचनाओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान एवं अन्य विधिक कार्रवाई समय से पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह अर्दली रूम अपराध नियंत्रण और विवेचनात्मक कार्यों को तेज गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद स्तर पर ऐसे अर्दली रूम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लंबित मामलों को शीघ्र निपटाया जा सके और आमजन को न्याय मिल सके।















