डीएम-एसपी ने तहसील डलमऊ में सुनी जनता की फरियादें: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 37 शिकायतें, 04 का मौके पर निस्तारण
रायबरेली। जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता को चरितार्थ करते हुए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में तहसील डलमऊ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
डीएम हर्षिता माथुर ने कहा कि जन सामान्य की शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर होना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर किया जाए। यदि किसी कारण निस्तारण में देरी हो रही हो तो उसका स्पष्ट कारण बताते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की हर फरियाद महत्वपूर्ण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 27, विकास विभाग से 09 और अन्य 01 प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 04 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. रवि कुमार ने भी पुलिस से जुड़ी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, उपजिलाधिकारी डलमऊ सतेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।















