डीएम ने तहसील बस्ती सदर में सुनी जन फरियादें: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 61 शिकायतें, 06 का मौके पर निस्तारण
बस्ती। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में तहसील बस्ती सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को एक-एक कर सुना और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और स्थलीय स्तर पर मौका देखकर उनका समाधान सुनिश्चित करें।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी कारण निस्तारण में असमर्थता हो तो उसका स्पष्ट कारण बताते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी पुलिस से जुड़ी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्परता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 61 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग से 20, पुलिस से 14, विकास से 09, चकबंदी विभाग से 07 तथा अन्य से 11 मामले शामिल रहे। इनमें से 06 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीएफओ डॉ. शिरीन, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, बीएसए अनूप तिवारी, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह, अधिक्षण अभियंता जलनिगम योगेंद्र प्रसाद, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, तहसीलदार तथा जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।















