नवरात्र, रामनवमी और ईद को लेकर सीएम योगी सख्त, सुरक्षा-सफाई पर विशेष जोर
गोरखपुर। आगामी नवरात्र, रामनवमी और ईद के त्योहारों को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। लखनऊ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने सभी मंडलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और गोरखपुर मंडल के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 मार्च से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं, इसके बाद ईद-उल-फितर और चैत रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्योहार आने वाले हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी धर्म या आस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी धार्मिक स्थलों मंदिरों और मस्जिदों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, अपर आयुक्त जय प्रकाश, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, उप निदेशक पंचायती राज हिमांशु ठाकुर, जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम ने निर्देश दिया कि धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बेहतर व्यवस्था की जाए, वहीं मस्जिदों में नमाज के समय पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनात करने, गश्त बढ़ाने और सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सफाई और कूड़ा निस्तारण को प्राथमिकता देने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाओं, डॉक्टरों और इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक हैं। सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी से काम करें, कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















