रमज़ान और ईद को लेकर गोरखपुर में हाई अलर्ट, एसपी सिटी निमिष पाटिल का फ्लैग मार्च
गोरखपुर। पवित्र रमज़ान माह और आगामी ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से मनाने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर एसपी सिटी निमिष पाटिल के नेतृत्व में शहर के व्यस्त बाजारों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने भारी पुलिस बल के साथ घोष कंपनी से मदीना मस्जिद, घंटाघर, रेती चौक और नखास चौक तक पैदल गश्त की। पुलिस ने आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा जगाया और त्योहार को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की।
बाजारों में बढ़ती भीड़ और खरीदारी की रौनक को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती है। चोरी, उचक्कागिरी और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
फ्लैग मार्च में इंस्पेक्टर अवधेश तिवारी, नखास चौकी इंचार्ज दुर्गेश कुमार वैश्य, दुर्गाबाड़ी चौकी इंचार्ज संदीप कुमार चौधरी सहित कई अधिकारी और जवान शामिल रहे।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “रमज़ान और ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी व्यक्ति त्योहार में खलल डालने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, यातायात बाधित न होने दें। भीड़भाड़ में खरीदारी के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।















