राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह: शास्त्री चौराहे पर 500 से अधिक हेलमेट वितरित, सड़क सुरक्षा का संदेश

राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह: शास्त्री चौराहे पर 500 से अधिक हेलमेट वितरित, सड़क सुरक्षा का संदेश

 

गोरखपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। गैलेंट ग्रुप की ओर से शास्त्री चौराहे पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में 500 से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। इस मौके पर एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह और एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क पर सुरक्षा के प्रति आम नागरिकों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को जागरूक करना था। अधिकारियों ने बताया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी रोजाना तेज रफ्तार और भारी वाहनों के बीच घंटों ड्यूटी करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। हेलमेट वितरण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय ने कहा, “सड़क सुरक्षा केवल आम लोगों तक सीमित नहीं है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। हेलमेट जीवन बचाने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट सबसे घातक होती है, जिसे हेलमेट पहनकर आसानी से रोका जा सकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों और सवारों से अपील की कि वे हेलमेट को आदत बनाएं, तेज रफ्तार से बचें, मोबाइल का इस्तेमाल न करें और ट्रैफिक संकेतों का पालन करें।

गैलेंट ग्रुप के प्रतिनिधियों ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत करना और दुर्घटनाओं को कम करना है।

Previous articleसोशल मीडिया पर स्टंटबाजी पड़ी भारी: पीपीगंज पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर बाइक सीज की
Next articleरमज़ान और ईद को लेकर गोरखपुर में हाई अलर्ट, एसपी सिटी निमिष पाटिल का फ्लैग मार्च

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here