सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी पड़ी भारी: पीपीगंज पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर बाइक सीज की
गोरखपुर। सोशल मीडिया पर खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पीपीगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने स्टंट वाली मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष पीपीगंज की टीम ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही जांच शुरू की। तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई।
गिरफ्तार युवक हैं दीपू दुबे पुत्र विक्रम प्रसाद दुबे, निवासी ग्राम ताजडीह, पोस्ट जगतबेला, थाना चिलुआताल तथा अंश कुमार श्रीवास्तव पुत्र दिनेश कुमार श्रीवास्तव, निवासी ग्राम राजाबारी, थाना पीपीगंज। दोनों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक सड़क पर मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट कर रहे थे, जो न सिर्फ उनकी अपनी जान के लिए जोखिम भरा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों और लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहा था। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, उपनिरीक्षक मनीष राज और कांस्टेबल गोविंद कुमार यादव की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के चक्कर में अपनी या दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्टंट करना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि गंभीर अपराध भी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।















