डीएम-एसपी ने किया उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण: शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई परीक्षा
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं नवागत पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने उप निरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय (केएनपीजी) ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर तथा विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम शैलेष कुमार ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी कक्ष, अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार, फ्रिस्किंग व्यवस्था और बैठने की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुपालन में ही संपन्न हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या अव्यवस्था की स्थिति में तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित करने के आदेश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने और चाक-चौबंद सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, केंद्र अधीक्षक, मजिस्ट्रेट एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की सतर्क निगरानी, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता तैयारियों के कारण जनपद में उप निरीक्षक पुलिस भर्ती परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुचारु रूप से संपन्न हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी स्तर की सख्ती और समन्वय बरता जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा अटल रहे।















