कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का किया खुलासा: प्रेमी ने गला दबाकर की युवती की हत्या

कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का किया खुलासा: प्रेमी ने गला दबाकर की युवती की हत्या

संतकबीरनगर। तकनीकी जांच और सतर्कता के बल पर पुलिस ने एक क्रूर हत्या के रहस्य से पर्दा उठा दिया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने 11 मार्च को नहर पुलिया के नीचे मिली अज्ञात युवती की हत्या का खुलासा कर अभियुक्त बबलू चौहान को अजगइबा घाट के पास से 14 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

घटना का विवरण चौंकाने वाला है। 11 मार्च को मोहद्दीनपुर ग्राम सभा के पास नहर पुलिया के नीचे एक युवती का शव और उसका बैग मिला। पुलिस ने विभिन्न माध्यमों से शव की पहचान कराई, जिसके बाद परिजनों ने उसे बस्ती जिले की निवासी सुमन के रूप में पहचाना। सुमन के पिता ने 13 मार्च को थाने में प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी बेटी दो वर्ष से आर्केस्ट्रा में नाच-गाने का काम करती थी। होली पर घर आई सुमन ने बताया कि अगले दिन खलीलाबाद में उसका ‘सट्टा’ (प्रोग्राम) है। बैग लेकर निकली सुमन का बाद में कोई संपर्क नहीं हुआ। खबर सुनकर परिजन खलीलाबाद पहुंचे और शव की पहचान की। इस आधार पर मुकदमा संख्या 159/2026 धारा 61(2), 103(1), 238 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। तकनीकी जांच, सूचना संग्रह और सघन पूछताछ के आधार पर बबलू चौहान (पुत्र हरहंगी महतो, निवासी बसौनापुर, थाना गोपालपुर, जिला गोपालगंज, बिहार) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद धारा 61(2) बीएनएस को हटा दिया गया।

पूछताछ में बबलू ने कबूल किया कि सुमन उसकी प्रेमिका थी। वह पिछले आठ महीने से उसके साथ प्रेम संबंध में था और शादी की इच्छा रखता था। दोनों बनकटिया में किराए के कमरे में रहते थे। सुमन के बार-बार फोन पर बात करने से नाराज बबलू ने हत्या की साजिश रची। 5 मार्च को सुमन उसके कमरे पर आई। 6 मार्च को सहजनवा में तिलक कार्यक्रम में डांस किया। 7 मार्च की भोर में बाइक पर सुमन को कमरे ले जा रहा था कि मोहद्दीनपुर नहर पुलिया के पास सुनसान जगह देखकर उसका गला दबाया। जमीन पर गिरने के बाद पैर से गला दबाकर हत्या की पुष्टि की। शव को पुलिया के नीचे नहर में फेंका और सिंगार का सामान वाला बैग कुछ दूर फेंक दिया।

Previous articleउप निरीक्षक भर्ती परीक्षा गोरखपुर में शांतिपूर्ण सम्पन्न: 36 हजार अभ्यर्थी हुए शामिल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here