डीएम-एसपी ने थाना दिवस पर सुनी जनता की फरियादें
शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
रायबरेली। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कोतवाली सदर पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। थाना दिवस में भूमि विवाद, पारिवारिक मामले, राजस्व संबंधी शिकायतें तथा सड़क व सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी फरियादें प्राप्त हुईं।
दोनों अधिकारियों ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिकारी मौके पर उपस्थित होकर शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करें।
डीएम ने कहा कि थाना दिवस के माध्यम से आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान होना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना दिवस में पुलिस और राजस्व विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।















