साइबर ठगों पर पुलिस की करारा प्रहार: चार आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की मुहिम में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कैंट क्षेत्र के थाना खोराबर में दर्ज एक मामले में चार शातिर ठगों को दबोच लिया गया है। इन आरोपियों ने एक महिला के बैंक खाते का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले 10 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड, पासबुक, एटीएम कार्ड और तीन एटीएम स्लिप बरामद की हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार एस ने पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता कर पूरी घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 12 मार्च 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित युवक ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर सरकारी कल्याणकारी योजना के तहत धनराशि और सिलाई मशीन दिलाने का लालच दिया। इस बहाने महिला के आधार और पैन कार्ड हासिल कर लिए गए।
आरोपियों ने इन दस्तावेजों से सिम कार्ड बनवाया, बैंक खाता खुलवाया और पासबुक व एटीएम कार्ड अपने कब्जे में रख लिए। इसके बाद खाते का गलत इस्तेमाल कर लाखों रुपये का लेन-देन किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह गिरोह विभिन्न योजनाओं के लाभ का झांसा देकर लोगों के दस्तावेज हथियाता था और फिर उनके खातों से ठगी करता था।
गिरफ्तार आरोपियों में वंश निषाद (नौसड़, गीडा), शोभित गौड़ (तारामंडल, रामगढ़ताल), शक्ति जायसवाल (महादेव झारखंडी, कूड़ाघाट) और शिवम पटवा (कूड़ाघाट आवास विकास कॉलोनी) शामिल हैं। एक आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। लोगों से अपील है कि बैंक दस्तावेज, एटीएम, ओटीपी या गोपनीय जानकारी किसी को न दें। संदिग्ध कॉल/मैसेज पर भरोसा न करें और ऐसी घटना होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू हो गई है।















