होली से पहले सख्ती दीपक स्वीट्स पर औचक छापा, 50 किलो दूषित मिठाई-30 किलो छेना मौके पर नष्ट, खोया-पनीर के सैंपल लिए – नोटिस जारी

होली से पहले सख्ती दीपक स्वीट्स पर औचक छापा, 50 किलो दूषित मिठाई-30 किलो छेना मौके पर नष्ट, खोया-पनीर के सैंपल लिए – नोटिस जारी

डीएम आलोक कुमार के निर्देश पर टीम की कार्रवाई, महुली कस्बे में ₹24,000 की दूषित मिठाई बर्बाद – बेसन यूनिट से भी नमूना संग्रहित, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

संतकबीरनगर। होली पर्व को शुद्ध और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने मिठाई-खाद्य पदार्थों पर कड़ी नजर रखी है। आज 25 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी आलोक कुमार के सख्त निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य (ग्रेड-2) सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम ने धनघटा तहसील के कस्बा महुली स्थित प्रसिद्ध दीपक स्वीट्स पर औचक छापेमारी की।

छापे के दौरान टीम ने प्रतिष्ठान से एक सैंपल खोए का और एक सैंपल पनीर का संग्रहित किया। जांच के लिए ये नमूने खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति ठीक न पाए जाने पर दीपक स्वीट्स को तत्काल नोटिस जारी किया गया है।

सबसे बड़ी कार्रवाई यह रही कि मौके पर लगभग 50 किलोग्राम दूषित मिठाई और 30 किलोग्राम दूषित छेना मिठाई बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24,000 रुपये बताई जा रही है। टीम ने इन सभी दूषित खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

इसके बाद टीम धनघटा तहसील में एक बेसन निर्माण यूनिट पहुंची, जहां से एक नमूना बेसन का भी संग्रहित किया गया। इस प्रकार कुल तीन सैंपल संग्रहित किए गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्रीलाल और पुलिस बल मौजूद रहा।

डीएम आलोक कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि होली जैसे त्योहारों में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। दूषित या मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। ऐसे प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Previous articleडीएम-सपी की सख्त नजर! जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण, साफ-सफाई से लेकर कैदियों की सुविधाओं तक जायजा प्रतिबंधित सामग्री पर जीरो टॉलरेंस
Next articleहोली से पहले सख्ती! संतकबीरनगर में 7 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, 165 किलो महुआ लहन मौके पर नष्ट – प्रशासन ने बढ़ाई कार्रवाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here