प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पहुंचे भाजपा यूपी अध्यक्ष पंकज चौधरी का एयरपोर्ट से क्षेत्रीय कार्यालय तक भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने गदा लहराकर किया अभिनंदन
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को संगठनात्मक दौरे पर पहली बार गोरखपुर पहुंचे। उनके साथ गोरखपुर लोकसभा सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर पंकज चौधरी का जोरदार स्वागत हुआ, जहां सैकड़ों कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। चौधरी खुली कार में खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए एयरपोर्ट से निकले।
150 से अधिक गाड़ियों के विशाल काफिले के साथ वे पहले गुरुद्वारे पहुंचे, जहां मत्था टेका। इसके बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। यहां माल्यार्पण के बाद पंकज चौधरी ने मंच से गदा लहराकर कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया। फिर वे यूनिवर्सिटी परिसर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।
इसके बाद पंकज चौधरी भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय सिंघड़िया पहुंचे। यहां उन्हें गदा भेंट कर अभिनंदन किया गया। विभिन्न चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया। क्षेत्रीय कार्यालय पर पहुंचकर पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “संगठन हमारी शक्ति है। इसी से हम सबकी राजनीतिक पहचान है। इसलिए हमारा दायित्व है कि संगठन को और मजबूत करें।”
उन्होंने दो महत्वपूर्ण कार्यों पर जोर दिया। पहला- विशेष गहन संशोधन (SIR) की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर विशेष ध्यान देना। उन्होंने कहा कि SIR में कई जगह हमारे लोगों के नाम छूट सकते हैं या गलत नाम जुड़ सकते हैं। यदि वोटर लिस्ट सही नहीं रही तो सारी मेहनत व्यर्थ हो जाएगी। इसलिए सभी कार्यकर्ता ड्राफ्ट सूची की जांच करें और आपत्तियां दर्ज कराएं।
दूसरा- विकसित भारत संकल्प यात्रा और रामजी अधिनियम के तहत 125 दिन रोजगार गारंटी की योजना को जन-जन तक पहुंचाना। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बिना ये योजनाएं अधूरी रह जाएंगी। 2027 के विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ 13 महीने बचे हैं। सभी को जुटकर 2017 का रिकॉर्ड दोहराते हुए सरकार बनानी है।
पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि उनका दरवाजा सभी के लिए खुला रहेगा। सुबह-शाम मिलने का समय निर्धारित किया जाएगा। वे सभी से मिलेंगे और संगठन की जिम्मेदारियां भी निभाएंगे।
इस मौके पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पंकज चौधरी का यह दौरा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गोरखपुर में उनकी पहली उपस्थिति है, जिसने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है। अब संगठन को मजबूत करने और 2027 के चुनाव की तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद जगी है।















