बस्ती परिक्षेत्र: डीआईजी संजीव त्यागी ने अपराध समीक्षा गोष्ठी में दिए सख्त निर्देश
बस्ती। अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अधिक निरोधात्मक कार्रवाई, गैंगस्टर, वांछित व इनामिया अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी तथा चोरी-वाहन चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने की विशेष रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। गो-तस्करी की रोकथाम, रात्रिकालीन सघन चेकिंग, संगीन अपराध, महिला अपराध व एससी/एसटी एक्ट के मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया।
साइबर अपराध के खिलाफ जनपद स्तर पर एक्शन प्लान लागू करने, यक्ष ऐप पर शीघ्र फीडिंग, CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, सीएम डैशबोर्ड, ITSSO, JMIS आदि पोर्टलों की निरंतर निगरानी तथा साइट्रेन पोर्टल पर सभी कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा कराने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री जनता दर्शन, पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू सहित उच्चस्तरीय शिकायतों का समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और साइबर अपराध से जुड़े मोबाइल/आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी ने विभागीय पत्रावलियों, मृतक आश्रित व चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, प्रत्येक जनपद में एक मॉडल पुलिस थाना व एक मॉडल मिशन शक्ति केंद्र विकसित करने तथा पुलिस-जनता समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, बस्ती अभिनंदन, संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना, परिक्षेत्रीय शाखा प्रभारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डीआईजी की सख्ती से परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।















