“No Helmet, No Fuel” अभियान शुरू: हेलमेट न पहनने पर नहीं मिलेगा पेट्रोल
गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की जान बचाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सुप्रीम कोर्ट सड़क सुरक्षा समिति की भावना से प्रेरित होकर उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेशव्यापी “No Helmet, No Fuel” विशेष अभियान पुनः शुरू किया है। यह अभियान 17 जनवरी 2026 तक चलेगा।
पहले चरण में 1 से 30 सितंबर 2025 तक चले इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए थे। दोपहिया वाहन चालकों व पिलियन सवारों में हेलमेट प्रयोग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी सफलता को दोहराते हुए अब इसे फिर लागू किया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर डिस्ट्रिक्ट रोड सेफ्टी कमिटी (DRSC) के माध्यम से अभियान का समन्वित संचालन होगा। परिवहन व पुलिस विभाग के बीच घनिष्ठ समन्वय स्थापित किया जाएगा। खाद्य एवं रसद विभाग सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश जारी करेगा और अनुपालन की निगरानी करेगा। तेल विपणन कंपनियों व जनसंपर्क तंत्र से जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। संभागीय परिवहन अधिकारी, यातायात पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नौसर चौराहे जैसे व्यस्त स्थानों पर एलईडी डिस्प्ले लगाकर जागरूकता फैलाने का सुझाव दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पहले की तुलना में अब अधिक लोग हेलमेट पहन रहे हैं। बिना हेलमेट वाले को पहले चेतावनी दी जाएगी, फिर विधिक कार्रवाई होगी। चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट और कोहरे में रिफ्लेक्टर अनिवार्य करने की अपील की गई।
प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील की कि यह अभियान जनसुरक्षा का सामूहिक प्रयास है। नियमों का पालन कर ही हम अनमोल जानें बचा सकते हैं।















