मुख्यमंत्री योगी ने दिवंगत सुशील कुमार यादव को दी श्रद्धांजलि, परिवार को ढांढस बंधाया
गोरखपुर। मुख्यमंत्री एवं गोरखनाथ पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बुढ़िया बारी स्थित उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष एवं पूर्वोत्तर रेलवे के सेवानिवृत्त चीफ टीटीआई स्व. सुशील कुमार यादव के पैतृक निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत सुशील यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मिलकर इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
परिजनों से आत्मीय बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशील कुमार यादव का आकस्मिक निधन परिवार, खेल जगत, समाज और गोरखपुर के लिए अपूरणीय क्षति है। कबड्डी क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। अनुशासन, परिश्रम और समर्पण से उन्होंने खेल व समाज की सेवा की, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को सहन शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।
मुख्यमंत्री के आगमन से परिवार को गहरा संबल मिला। उनके साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी, खेल जगत के लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत सुशील यादव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सुशील यादव गोरखनाथ मंदिर से पीढ़ियों से जुड़े प्रतिष्ठित परिवार से थे। ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ, अवैद्यनाथ और वर्तमान पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का इस परिवार पर सदैव आशीर्वाद रहा। इसी आत्मीय संबंध के कारण मुख्यमंत्री स्वयं शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।
इस संवेदनशील कदम की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। लोग इसे मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार का प्रतीक बता रहे हैं।















