मां भद्रकाली खलीलाबाद में भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित, समाज की एकता एवं समरसता पर जोर
संतकबीरनगर। हिंदू समाज की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को मां भद्रकाली बस्ती खलीलाबाद के बरई टोला स्थित काली माता मंदिर परिसर में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में नगर के विभिन्न हिंदू एवं सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बस्ती विभाग सह विभाग कार्यवाह महेंद्र ने अपने संबोधन में हिंदू समाज की एकता, अखंडता, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता तथा पंच परिवर्तन के सभी बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त नेत्र परीक्षण अधिकारी जिला चिकित्सालय डॉ. केशव विश्वकर्मा ने की। संत समाज के प्रतिनिधि के रूप में महंत कृष्ण मुरारी दास महाराज तथा मातृशक्ति के प्रतिनिधि के रूप में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता बरनवाल मंच पर उपस्थित रहीं।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी सामाजिक समरसता एवं बंधुत्व की भावना को मजबूत करना था। इस अवसर पर जिला कार्यवाह सौरभ जी, नगर व्यवस्था प्रमुख शिव प्रकाश, अभिषेक, अमन, सत्येंद्र , ओम पुष्पम , सर्वेश सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।















