कोहरे से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना के सख्त निर्देश, हाईवे पर चालान अभियान
बस्ती। शीत ऋतु में कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं जनहानि को रोकने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने परियोजना निदेशक एनएचएआई, परिवहन विभाग, यातायात विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को व्यापक निर्देश जारी किए हैं।
डीएम ने कोहरे से प्रभावित कोरिडोर एवं दुर्घटना बहुल क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, एम्बुलेंस, क्रेन एवं फायर टेंडर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मार्गों पर सोलर हाई मास्ट लाइट, एंटी फॉग लाइट, लेन मार्किंग, रिफ्लेक्टर-डेलीनेटर, कैट आई एवं रेट्रो रिफ्लेक्टिव साइनेज लगवाने को कहा। सड़क किनारे खड़े या खराब वाहनों को तत्काल हटाने हेतु प्रभावी पेट्रोलिंग एवं क्रेन की व्यवस्था अनिवार्य की गई। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में शत-प्रतिशत रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगवाने तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम से वाहन चालकों को कोहरे की चेतावनी देने के निर्देश दिए गए।
इन निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार एवं यात्री/मालकर अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव के संयुक्त अभियान में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर अवैध पार्किंग एवं गन्ना लदे ओवरहाइट ट्रकों के खिलाफ 7 वाहनों पर चालान किया गया।
हाईवे किनारे स्थित यूरिया पंप मालिकों को टैंक एवं उपकरण तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। दिसंबर माह में 23 दिसंबर 2025 तक ओवरलोड में 29, बिना रिफ्लेक्टर में 58, गन्ना लदे/ओवरहाइट में 67 एवं अवैध पार्किंग में 91 वाहनों के खिलाफ चालान/निरुद्ध कर 5.75 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया।
यह अभियान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















