डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण
रायबरेली, 15 दिसम्बर 2025। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ।
डीएम हर्षिता माथुर ने वेयरहाउस की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम/वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था, लाग बुक, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली एवं अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जाँच की। सभी मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव पर संतोष जताते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम/वीवीपैट की सुरक्षा एवं अखंडता को पूर्णतः सुनिश्चित करना रहा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण प्रक्रिया की सराहना की और व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निर्वाचन आयोग की इस पहल से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता को और मजबूती मिल रही है।















