एसपी संदीप कुमार मीना ने किया कोतवाली खलीलाबाद का औचक निरीक्षण, अभिलेखों में कमियाँ पकड़ीं

एसपी संदीप कुमार मीना ने किया कोतवाली खलीलाबाद का औचक निरीक्षण, अभिलेखों में कमियाँ पकड़ीं

व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश, विवेचनाओं में देरी पर जताई नाराजगी

संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को कोतवाली खलीलाबाद का आकस्मिक निरीक्षण कर थाने की कार्यप्रणाली की बारीकी से जाँच की। अभिलेखों की गहन पड़ताल में कई अनियमितताएँ सामने आने पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध रजिस्टर, बीट बुक, मालखाना रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, सीसीटीएनएस अभिलेख, लंबित विवेचनाएँ तथा वारंट-सम्मन रजिस्टर का विस्तृत परीक्षण किया। अभिलेखों के अद्यतन न होने, शुद्धता की कमी एवं रख-रखाव में लापरवाही पर उन्होंने थानाध्यक्ष को फटकार लगाई।

एसपी ने कमियों को शीघ्र दूर करने के आदेश देते हुए थाने की साफ-सफाई, ड्यूटी व्यवस्था, अभिलेख प्रबंधन एवं आमजन से संवाद की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “विवेचनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए प्रभावी गश्त और बीट प्रणाली को सक्रिय रखें।”

आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार, त्वरित कार्रवाई एवं पारदर्शिता को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए एसपी ने सभी कर्मियों से कर्तव्य के प्रति अधिक सतर्क रहने को कहा।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, पीआरओ दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी की इस सघन जाँच से थाने में हड़कंप मच गया।

Previous articleएडीजी मुथा अशोक जैन ने थाना गोला का किया वार्षिक निरीक्षण अभिलेखों-मालखाने की गहन जाँच, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश
Next articleबीएलओ-बीएलए बैठकः मतदाता सूची की गहन जाँच के सख्त निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here