एडीजी मुथा अशोक जैन ने थाना गोला का किया वार्षिक निरीक्षण अभिलेखों-मालखाने की गहन जाँच, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश

एडीजी मुथा अशोक जैन ने थाना गोला का किया वार्षिक निरीक्षण

अभिलेखों-मालखाने की गहन जाँच, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश

गोरखपुर। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन ने शनिवार को थाना गोला का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में थाने की प्रशासनिक, विधिक एवं जनसुनवाई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उद्देश्य थाना कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाना रहा।

एडीजी ने जनसुनवाई रजिस्टर, महिला अपराध रजिस्टर, अपराध रजिस्टर-04 सहित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जाँच की। प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति, क्रमबद्धता एवं विधिक मानकों पर असंतोष जताते हुए सख्त निर्देश दिए कि अभिलेख समय से अपडेट रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मालखाने का निरीक्षण कर शस्त्र, कारतूस, मुकदमाती माल, जब्त वाहनों एवं अन्य सामग्री का भौतिक सत्यापन किया। सुरक्षा, रख-रखाव एवं रिकॉर्ड मिलान में कमियाँ पकड़ते हुए मुकदमाती माल के संरक्षण में पूर्ण सतर्कता बरतने के आदेश दिए।

थाना परिसर भ्रमण में साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था, आगंतुक सुविधा एवं वाहनों की स्थिति जाँची। परिसर को स्वच्छ-सुव्यवस्थित रखने तथा अनावश्यक वाहनों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर के साथ एडीजी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और त्वरित, निष्पक्ष निस्तारण के लिए अधिकारियों को हिदायत दी। जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एडीजी ने अंत में कहा कि अनुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा से आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा।

Previous articleगौसेवा में रमे एसपी संदीप कुमार मीना: मगहर की कान्हा गौशाला में गायों को खिलाया गुड़
Next articleएसपी संदीप कुमार मीना ने किया कोतवाली खलीलाबाद का औचक निरीक्षण, अभिलेखों में कमियाँ पकड़ीं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here