गोरखनाथ मंदिर में तमंचा लेकर घुस रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस कर रही है पूछताछ
गोरखनाथ मंदिर में गेट पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के बैग से अवैध तमंचा मिलने पर हड़कंप मच गया। शुक्रवार को एक व्यक्ति कंधे पर बच्चे संग बैग लादे गोरखनाथ मंदिर में प्रवेश कर रहा था। मंदिर गेट पर जब उसके बैग की चेकिंग हुई तो उसमे असलहा मिला।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेर कर पकड़ लिया। पकड़ा गया व्यक्ति भी असलहा देखकर चौंक गया। उसने भी तत्काल हाथ खड़े कर दिए। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
10 साल के बच्चे संग पहुंचा था मंदिर
शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में रोज की तरह चेकिंग चल रही थी। शाम करीब 6 बजे चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति के बैग से तमंचा मिला। उसकी पहचान पश्चिम बिहार चंपारन निवासी सुबोध मिश्रा के रूप में हुई । सुबोध के साथ 10 साल का बच्चा भी है। इसे वो अपना बेटा बता रहा है। सूचना पर गोरखनाथ थाने पर अधिकारी भी पहुंचे उन्होंने भी उससे पूछताछ की है।
हर पहलु पर हो रही जांच
सुबोध मिश्रा शुक्रवार की शाम चार बजे गोरखनाथ मंदिर परिसर में दस साल के बेटे के साथ प्रवेश कर रहा था। गेट पर तलाशी के दौरान उसकी बैग से पुलिस को तमंचा मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। गोरखनाथ थाने लाकर पूछताछ शुरू की। आरोपी ने बताया कि वह गोलघर के काली मंदिर के पास से ऑटो पार्ट्स का सामान लेने आया था। बेटे ने गोरखनाथ मंदिर जाने की इच्छा जताई तो इधर आ गया।
पुलिस हिरासत में सुबोध का कहना है कि वह गाड़ी के स्पेयर पार्ट्स का काम करता है। वह अपने बेटे को गोरखनाथ मंदिर दर्शन कराने आया था। उसके बैग में तमंचा कहां से आया ये उसे भी नहीं पता है। हालांकि, इंटेलिजेंस टीम सुबोध के घर से लाए गए सारी चीजों का ब्योरा एकत्रित कर रही है।
SP सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया, “शाम को मंदिर गेट पर चेकिंग में बिहार के व्यक्ति के बैग से तमंचा मिला है। साथ में कोई कारतूस नहीं मिला। व्यक्ति के साथ उसका दस साल का बेटा भी है। इसलिए हर पहलुओं पर जांच की जा रही है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि युवक के बैग से तमंचा तो मिला है, लेकिन कारतूस नहीं मिला है। उससे पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















