गोरखपुर जोन: 16 घंटे में 338 वारंटी-वांछित गिरफ्तार, पुलिस का मेगा ड्राइव सफल

गोरखपुर जोन: 16 घंटे में 338 वारंटी-वांछित गिरफ्तार, पुलिस का मेगा ड्राइव सफल

 

गोरखपुर: अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के सख्त निर्देशन में जोन के सभी जनपदों में वारंटियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ 16 घंटे का विशेष मेगा अभियान चलाया गया। गुरुवार दोपहर 2 बजे शुरू हुआ यह ऑपरेशन शुक्रवार सुबह 6 बजे तक चला।

पुरुष और महिला पुलिस की संयुक्त टीमें घर-घर दबिश देती रहीं। चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। नतीजा – कुल 338 खूंखार अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़े। इनमें 292 वारंटी और 46 वांछित अभियुक्त शामिल हैं। सभी को तत्काल जेल भेज दिया गया।

एडीजी मुथा अशोक जैन ने अभियान से पहले सभी जिलों के एसएसपी-एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि “कोई भी वारंटी या वांछित बचना नहीं चाहिए।” उनकी रणनीति कामयाब रही। जोन की सभी पुलिस टीमें एक साथ सक्रिय हुईं और अपराधियों को भागने का मौका तक नहीं मिला।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों में हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार और एनडीपीएस जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं। कई तो वर्षों से फरार चल रहे थे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून का भय पैदा हुआ है और आम जनता ने राहत की सांस ली है।

एडीजी जोन ने टीमों को बधाई देते हुए कहा, “यह सिर्फ शुरुआत है। वारंटी और वांछितों के खिलाफ ऐसा अभियान हर महीने चलेगा। अपराधी चाहे जितने दिन छिप जाएं, पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी।”

गोरखपुर जोन की इस सघन कार्रवाई ने पूरे प्रदेश में चर्चा बटोरी है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस का यह ताबड़तोड़ अंदाज काबिल-ए-तारीफ है।

Previous articleमतदाता सूची सुधार अभियान जोरों पर, 51% काम पूरा; डीएम बोले – 7 दिन में 100% लक्ष्य हासिल करेंगे
Next articleऑनलाइन गेम का लालच: 250 से ज्यादा बैंक खाते होल्ड, साइबर फ्रॉड में फंसे संतकबीरनगर के युवा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here