डीएम आलोक कुमार ने राजनीतिक दलों के साथ की SIR कार्य की समीक्षा बैठक
संतकबीरनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई।
डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में SIR कार्य पूरी सक्रियता से चल रहा है। पारदर्शिता और गुणवत्ता के लिए सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सभी बीएलओ को ग्रामीण क्षेत्र में कम से कम 200 और शहरी क्षेत्र में 300 फॉर्म भरवाने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही हर फॉर्म का बीएलओ ऐप से डिजिटाइजेशन अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) सक्रिय करें और अभियान की निरंतर निगरानी करें ताकि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र नाम रहे नहीं। सभी दलों के सुझाव सुने गए और उन्हें आश्वासन दिया गया कि हर वैध आपत्ति-दावे पर तुरंत कार्रवाई होगी।
बैठक में भाजपा क्षेत्रीय संयोजक धनंजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष आदित्य प्रताप, सपा के पूर्व प्रदेश सचिव रामदरश, अपना दल (एस) जिलाध्यक्ष सचिन सिंह सैथवार, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुनील पांडेय, रमेश चंद्र चौधरी, आप शिक्षक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष आबिद अली, भाजपा मीडिया प्रभारी बी.एन. पाण्डेय, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित सभी दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने कहा, “मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। सभी दल मिलकर इसे पूरी तरह शुद्ध, सटीक और समावेशी बनाएं। यह हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।”
राजनीतिक दलों ने प्रशासन की सक्रियता की सराहना की और पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।















