पुलिस झंडा दिवस पर एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने किया ध्वजारोहण, पुलिसकर्मियों को दिलाया गौरव का संकल्प
गोरखपुर। पुलिस बल की शौर्यगाथा और सम्मान के प्रतीक “पुलिस झंडा दिवस” को शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र ने ध्वजारोहण किया और पूरे जोश के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इसके बाद एसपी नॉर्थ ने सभी उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को पुलिस फ्लैग चिन्ह लगाते हुए कहा, “यह ध्वज सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि हमारी निष्ठा, अनुशासन और जन-सेवा की भावना का प्रतीक है। हमें हर पल इसकी गरिमा बनाए रखनी है। जनता की सुरक्षा और कानून का राज ही हमारा परम धर्म है।”
उन्होंने पुलिसकर्मियों को संकल्प दिलाया कि हम ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। हर फरियादी को सम्मान और न्याय मिले, यही हमारी प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी दीपांशी सिंह राठौर सहित सभी थानों-चौकियों के प्रभारी, इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाही बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पुलिस बैंड की धुन और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
एसपी नॉर्थ ने कहा, “गोरखपुर पुलिस अब जनता की दोस्त बनेगी। हमारा हर कदम अपराधियों पर सख्ती और आमजन के लिए नरमी का होगा।”
पुलिस झंडा दिवस का यह आयोजन न सिर्फ परंपरा का निर्वहन था, बल्कि पूरे पुलिस बल में नई ऊर्जा और संकल्प का संचार करने वाला साबित हुआ। सभी ने एक स्वर में प्रतिज्ञा ली कि पुलिस ध्वज की आन-बान-शान हमेशा बुलंद रहेगी।















