छितही प्रीमियर लीग-6 का भव्य शुभारंभ: पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने दिया 1 लाख का प्रोत्साहन
संतकबीरनगर। छितही की धरती पर जिले की सबसे बड़ी ईनामी क्रिकेट प्रतियोगिता छितही प्रीमियर लीग (सीपीएल) सीजन-6 का रविवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं एसआर ग्रुप चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी ने भव्य शुभारंभ किया। सैकड़ों बाइकों के काफिले और ढोल-नगाड़ों के साथ युवाओं ने महुली से उनका पारंपरिक स्वागत किया। मैदान पर पहुंचते ही फूलों की वर्षा और तालियों की गूंज से पूरा वातावरण गद्गद् हो उठा।
श्री चतुर्वेदी ने प्रतियोगिता की ऐतिहासिक सफलता के लिए आयोजन समिति को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की। मैदान तालियों से गूंज उठा। इसके बाद उन्होंने फीता काटा, पहले बल्ले से पिच का उद्घाटन किया और महुली व गौवापार टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लेकर उद्घाटन मैच शुरू कराया। महुली ने 10 ओवर में 140 रन बनाए।
अपने संबोधन में राकेश चतुर्वेदी ने कहा, “क्रिकेट और छितही से मेरा पुराना रिश्ता है। युवाओं के सम्मान व स्वाभिमान की रक्षा के लिए मैं हमेशा खड़ा रहूंगा।” उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ खेलने की अपील की।
ग्राम प्रधान अलीमुलकदर उर्फ ढिलढिल प्रधान, संरक्षक असजद हुसैन, युवा नेता महताब आलम उर्फ बब्बू, सलीम बाबू, भोलू, पिंटू आदि ने अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय शायर असद महताब ने किया।
इस बार विजेता टीम को 1.35 लाख रुपये, उपविजेता को 70 हजार रुपये नगद के साथ चमचमाती ट्रॉफी मिलेगी। बिहार-यूपी के स्टार और कुछ आईपीएल खिलाड़ियों के खेलने की संभावना से रोमांच चरम पर है।
प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, अजय मिश्र, निहाल चन्द पांडेय, सुनील बाबा, मो. शाहिद खान, शमीम अहमद, लड्डन, अकील डाबला आदि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सीपीएल-6 एक बार फिर युवाओं के जुनून और खेल भावना का सबसे बड़ा मंच बन गया है।















