यातायात माह में चालान और जागरूकता पर जोर, महिलाओं को तुरंत मिलेगी रानी लक्ष्मीबाई कोष से मदद
बस्ती। मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को आयुक्त सभागार में शांति एवं कानून-व्यवस्था की महत्वपूर्ण बैठक हुई। मंडलायुक्त ने नवंबर को यातायात माह घोषित करते हुए सख्त निर्देश दिए कि अवैध वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन टीम बड़े पैमाने पर चालान करे और साथ ही जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन सिखाया जाए।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ अपराध से पीड़ित महिलाओं को तुरंत रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष से आर्थिक सहायता दी जाए। शासन के इस कोष का लाभ बिना देरी के हर पात्र महिला तक पहुँचना चाहिए।
पुलिस महानिरीक्षक बस्ती रेंज संजीव गुप्ता त्यागी ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक पूरे मंडल में गैंगस्टर एक्ट का एक भी नया प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए लगातार निगरानी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। गिरोहबंद अपराधियों व समाज विरोधी तत्वों पर त्वरित धरपकड़ हो रही है। आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में जिलाधिकारी बस्ती कृतिका ज्योत्सना, सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., संत कबीर नगर आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन, संत कबीर नगर संदीप कुमार मीना, सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, आरटीओ प्रवर्तन बस्ती सहित मंडल के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।















