“नगर आयुक्त सख्त: गोरखपुर को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए गार्बेज हॉटस्पॉट खत्म करने के आदेश”
गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम सभागार में समीक्षा बैठक की। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल अधिकारी, सेनेटरी अधिकारी, मुख्य सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने सफाई में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बेतियाहाता, मेडिकल कॉलेज रोड, नौसढ़ मेन रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर कूड़े के ढेर अस्वीकार्य हैं। उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स चिह्नित कर स्थायी रूप से खत्म करने और अपर नगर आयुक्त को नियमित समीक्षा का जिम्मा सौंपा।
रेलवे स्टेशन रोड पर रात्रिकालीन सफाई के बावजूद गंदगी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उच्च कोटि की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़कों के किनारे नालों पर अवैध चिकन-मटन दुकानों को तत्काल हटाने और दोबारा न लगने देने के लिए सफाई सुपरवाइजर व मेठ की जिम्मेदारी तय करने का आदेश दिया।
जोनल अधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा बैठक और प्रतिदिन सुबह 7 बजे क्षेत्रीय निरीक्षण का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त स्वयं प्रातः काल निरीक्षण करेंगे। प्रमुख चौराहों पर धूल-मिट्टी की नियमित धुलाई के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक पवन को जिम्मेदार बनाया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि “स्वच्छ गोरखपुर – सुंदर गोरखपुर” का लक्ष्य हासिल करने के लिए जवाबदेही सुनिश्चित होगी और कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















