कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर नगर आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण, साफ-सफाई के दिए निर्देश
गोरखपुर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के अवसर पर बुधवार को नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शहर के प्रमुख घाटों गोरक्ष घाट और रामघाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई व व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने घाटों पर मौजूद जोनल अधिकारी ओ.पी. यादव को निर्देशित किया कि स्नान के बाद घाटों की समुचित सफाई व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए ताकि घाट परिसर पर गंदगी न फैले। उन्होंने कहा कि घाटों पर जमा कूड़े-कचरे को समय से उठाकर निस्तारित किया जाए तथा अगली सुबह तक पूरा क्षेत्र स्वच्छ और सुगंधित बना रहे।
नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमों की तैनाती, कूड़ादानों की उपलब्धता, और घाटों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने गोरक्ष घाट और रामघाट पर स्नान-दान किया। पूरे क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। नगर निगम की ओर से घाटों पर सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई थी।
नगर आयुक्त ने कहा कि गोरखपुर के सभी घाटों पर स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है ताकि आने वाले समय में यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के लिए और आकर्षक बन सके।















