लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन: डीएम-एसएसपी ने रात्रि गश्त कर सुरक्षा जांची
गोरखपुर। लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए गुरुवार की रात जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने शहर में पैदल गश्त की। यह गश्त थाना कोतवाली और राजघाट क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले बाजारों व प्रमुख स्थानों पर केंद्रित रही।अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
डीएम मीणा ने पुलिस बल को सतर्क रहने और संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। “त्योहारों में जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी,” उन्होंने कहा। एसएसपी नय्यर ने भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा में सख्ती बरतने को कहा। डाइविंग टीम, फायर यूनिट और एंबुलेंस को हरदम तैयार रखने का आदेश दिया गया।
गश्त में क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी और थाना प्रभारीगण साथ रहे। अधिकारियों ने शहरवासियों से शांति व सौहार्द बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। प्रशासन-पुलिस की संयुक्त सक्रियता से विसर्जन सकुशल संपन्न हुआ।















