महेवा वर्कशॉप का निरीक्षण: नगर आयुक्त ने आधुनिकीकरण और सुधार पर जोर
गोरखपुर। नगर निगम गोरखपुर के नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने महेवा वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया। अपर नगर आयुक्त, प्रभारी अधिकारी (वाहन), मुख्य अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता साथ रहे। निरीक्षण में उन्होंने वर्कशॉप को मॉडर्न और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए, साथ ही अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई।नगर आयुक्त ने वाशिंग पॉइंट के अभाव पर नाराजगी दिखाते हुए तत्काल निर्माण का आदेश दिया। “आधुनिक वाशिंग पॉइंट से वाहनों की सफाई और रखरखाव बेहतर होगा,” उन्होंने कहा। जर्जर दुकानों व भवनों को खतरनाक करार देते हुए मुख्य अभियंता को ध्वस्तीकरण का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र सुरक्षित और साफ हो सके।
श्री सोगरवाल ने सामग्रियों को व्यवस्थित रखने, सफाई बेहतर करने और आधुनिक उपकरण लगाने का आदेश दिया। जर्जर टॉयलेट ध्वस्त कर नया बनाने, मलबे को सीएनडी वेस्ट प्लांट भेजने, स्क्रैप-सरिया की नीलामी और पीछे की खाली जगह को शेड के रूप में उपयोग में लाने को कहा गया।
ड्राइवरों के लिए बैठने का रूम, डॉरमेट्री और गेस्ट रूम बनाने की योजना भी रखी गई।नगर आयुक्त ने मिनी ऑफिस स्थापित करने का फैसला लिया, जो प्रकाश, स्वच्छता और मरम्मत की निगरानी में तेजी लाएगा।
यह कदम वर्कशॉप के आधुनिकीकरण और वाहन रखरखाव तंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















