मिशन शक्ति 5.0: रायबरेली में नवोदय चयनित रेशम बनी एक दिन की बीडीओ
रायबरेली। मिशन शक्ति 5.0 के तहत बेटियों को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने अनूठी पहल की। शुक्रवार को अमावां विकास खंड में उच्च प्राथमिक विद्यालय हिलगी की प्रतिभाशाली छात्रा रेशम को एक दिन के लिए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) का दायित्व सौंपा गया। रेशम हाल ही में जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-9 के लिए चयनित हुई हैं।
खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह ने रेशम की प्रतिभा व उत्साह देखते हुए उन्हें दो घंटे तक कार्यालय संचालन का अवसर दिया। बीडीओ की भूमिका निभाते हुए रेशम ने अधिकारियों से पत्रावलियां तलब कीं, उन्हें गंभीरता से पढ़ा और आगे बढ़ाया। जनता के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया तथा कर्मचारियों को ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करने का संदेश दिया।
बीडीओ संदीप सिंह ने कहा, “मिशन शक्ति महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन प्रदान करने का व्यापक अभियान है। ‘एक दिन का बीडीओ’ जैसी पहल बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाकर उन्हें नेतृत्व की ओर प्रेरित करेगी।
विद्यालय शिक्षक रितेश व मीना ने रेशम की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियां बालिकाओं के सर्वांगीण विकास व समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देंगी।
कार्यक्रम में महेंद्र सिंह, सुरेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह पहल रायबरेली में मिशन शक्ति को मजबूत बनाने का प्रतीक बनी।















