बस्ती में डीआईजी ने हरैया में लगाई जनचौपाल, ड्रोन अफवाहों पर जागरूकता।
बस्ती। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने 13-14 सितंबर 2025 की रात्रि में थाना हरैया में जनचौपाल आयोजित कर आमजन से संवाद किया। जनचौपाल में लोगों को ड्रोन से संबंधित अफवाहों के प्रति जागरूक किया गया और उत्तर प्रदेश सरकार की “ड्रोन प्रचालन सुरक्षा नीति-2023” की जानकारी दी गई।
डीआईजी ने बताया कि ड्रोन उड़ाने से पहले संबंधित थाने में पंजीकरण अनिवार्य है। विवाह, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजनों या सोशल मीडिया कंटेंट के लिए ड्रोन उपयोग हेतु थाना स्तर से अनुमति लेना जरूरी है। अनधिकृत या अवैध ड्रोन उपयोग दंडनीय अपराध है, जिसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों, वस्तुओं या ड्रोन उड़ान की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही, चोरी की घटनाओं से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी।
डीआईजी ने प्रभारी निरीक्षक हरैया को क्षेत्र में प्रभावी निगरानी, रात्रि गश्त बढ़ाने, सघन चेकिंग और ड्रोन संबंधी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद, उन्होंने हरैया में रात्रि पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी हरैया संजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















