नगर निगम की पेंटिंग्स और पोल पर पोस्टर चिपकाने पर 5000 से 50000 तक का चालान।
नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था पर की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और नालों की सफाई पर विशेष जोर
सिंगल यूज प्लास्टिक और कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना
गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आयोजित बैठक में सख्त रुख अपनाया। बैठक में अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जोनल सेनेटरी अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने शहर में अवैध पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ कड़ा कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, डिवाइडर और पोल पर पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ पोस्टर पर अंकित मोबाइल नंबर के आधार पर 5,000 से 50,000 रुपये तक का चालान किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने वार्डों में लगातार अनुपस्थित कर्मचारियों को बर्खास्त करने और सभी सफाई कर्मचारियों को रेनकोट वितरित करने का आदेश दिया। जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को सुबह वार्डों में जाकर डिवाइडर, मुख्य मार्गों, महापुरुषों की मूर्तियों, कलवर्ट और टर्निंग पॉइंट्स की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई के बाद तत्काल स्लैब लगाने और एमआरएफ सेंटर्स पर प्रत्येक सफाई निरीक्षक को कम से कम एक घंटे कार्य करने का निर्देश दिया गया।
सड़कों पर कूड़ा फेंकने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने और फूड कार्ट संचालकों से यूजर चार्ज वसूलने के लिए भी जुर्माना लगाने की हिदायत दी गई। खाली प्लॉटों के मालिकों को नोटिस देकर सफाई सुनिश्चित करने और कंपोस्ट पिट के संचालन की जिम्मेदारी सफाई निरीक्षकों को सौंपी गई। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की जिम्मेदारी वार्ड सुपरवाइजरों को दी गई, जिसकी साप्ताहिक समीक्षा नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जोनल सेनेटरी अधिकारी करेंगे। अपर नगर आयुक्त हर 15 दिन में इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे।















