पूर्व विधायक राना कृष्ण किंकर सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 85 ने किया रक्तदान
रानीपुर बेलाड़ी में वृक्षारोपण और रामचरितमानस पाठ के साथ दी गई श्रद्धांजलि
नेताओं ने बताया पूर्वांचल का योद्धा और गरीबों का मसीहा
परिजनों ने रक्तदान की परंपरा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
बस्ती। मंगलवार को जिले के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक राना कृष्ण किंकर सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव रानीपुर बेलाड़ी में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में 85 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। आगंतुकों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ के भक्तिमय माहौल में स्व. राना साहब को श्रद्धांजलि दी। हजारों शुभचिंतकों ने नम आंखों से उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। देर शाम बस्ती के वृद्धाश्रम में भोजन-प्रसाद वितरण किया गया।
पूर्व सांसद और असम के भाजपा प्रभारी हरीश द्विवेदी ने राना साहब को पूर्वांचल की राजनीति का योद्धा बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। हरैया विधायक अजय सिंह ने उन्हें जिले का इकलौता राजनेता बताया, जिनका अपना विशाल जनाधार था। बस्ती सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव ने उन्हें विलक्षण राजनीतिज्ञ की संज्ञा दी। पूर्व आईएएस ओम नारायन सिंह ने राना साहब को गरीबों का मसीहा बताते हुए उनकी संयमित जीवनशैली को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, संतकबीरनगर के भाजपा प्रभारी अजय सिंह गौतम, पूर्व विधायक रवि सोनकर, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री नागेंद्र प्रताप कुंवर, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष दिलीप पांडेय, पूर्व सपा जिला अध्यक्ष राज कपूर यादव, ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह, गौर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, बनकटी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद पाल सहित कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर राना साहब को याद किया।
राना साहब की बेटी सिम्मी सिंह ने कहा, “पिताजी ने आजीवन रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया और स्वयं दर्जनों बार रक्तदान कर जान बचाई। हम उनकी इस परंपरा को कायम रखेंगे।” उन्होंने शुभचिंतकों को परिवार का हिस्सा बताते हुए उनके सुख-दुख में साथ रहने का वादा किया। उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह और नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने आगंतुकों के प्रति आभार जताया।















