रायबरेली के 70 प्रशिक्षार्थी टी.डी.के. कंपनी, रेवाड़ी के लिए रवाना।
रायबरेली: , कौशल विकास संस्थान (SDI) रायबरेली के लिए 1 जुलाई 2025 का दिन गर्व का क्षण रहा, जब संस्थान के इंडस्ट्रियल वेल्डर और पाइप फिटर ट्रेड के 70 प्रशिक्षार्थी देश की औद्योगिक प्रगति में योगदान देने के लिए टी.डी.के. कंपनी, रेवाड़ी (हरियाणा) के लिए रवाना हुए। कौशल विकास मिशन के प्रबंधन राजीव सिंह ने बताया कि इन प्रशिक्षार्थियों को भारत सरकार की महारत्न कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड के नेतृत्व में, तेल एवं गैस कंपनियों की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) निधि से संचालित इस संस्थान द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया था। संस्थान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को दक्ष बनाकर रोजगार के अवसर प्रदान करना है।
इस कार्यक्रम की रूपरेखा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजेशमणि त्रिपाठी ने तैयार की, जबकि सचिव संजय वर्मा ने आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। विदाई के अवसर पर रायबरेली रेलवे स्टेशन पर एक संक्षिप्त समारोह आयोजित हुआ, जिसमें कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक विवेक कुमार तिवारी, सहायक सेवायोजन अधिकारी तनुजा यादव, स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद शाहबाज मुजफ्फर, एम.आई.एस. प्रबंधक राजीव कुमार सिंह, प्रधानाचार्य योगेंद्र मिश्रा, प्रशिक्षक अनिल कश्यप, प्रशांत मिश्रा, शशि नंदन तिवारी, अंकित पांडे, ओमप्रकाश साहनी और कमलेश द्विवेदी समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य योगेंद्र मिश्रा, एम.आई.एस. प्रबंधक राजीव सिंह, विवेक कुमार तिवारी और अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, “यह संस्थान केवल तकनीकी प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के समग्र विकास और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है।” SDI रायबरेली में प्रोसेस इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल वेल्डर, इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रिशियन, पाइप फिटर और डोमेस्टिक आईटी हेल्प डेस्क अटेंडेंट जैसे ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे प्रशिक्षार्थी देश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार पा रहे हैं और परिवार व राष्ट्र के आर्थिक विकास में योगदान दे रहे हैं।
संस्थान न केवल युवाओं को रोजगार योग्य बना रहा है, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत कर रहा है। भविष्य में भी SDI रायबरेली युवाओं को रोजगारोन्मुख शिक्षा देने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत रहेगा।















