संतकबीरनगर में डीएम-एसपी ने मयफोर्स पैदल गश्त की।
संतकबीरनगर: बुधवार , मोहर्रम और सावन/कावड़ पर्व को देखते हुए आमजन को सुरक्षा का अहसास दिलाने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बुधवार देर रात खलीलाबाद के मगहर में पैदल गश्त की। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स और गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ सायरन बजते रहे, जिससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस चौकी से निर्वाण स्थली तक पैदल मार्च किया। शेरपुर चौराहा, सूती मिल चौराहा, काज़ीपुर, जामा मस्जिद और आर्य समाज मंदिर जैसे संवेदनशील स्थानों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान उन्होंने आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और सुरक्षा का आश्वासन दिया। साथ ही लोगों से अपील की कि घरों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाएं, ताकि अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।
इस दौरान एडीएम जय प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, एसडीएम खलीलाबाद अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अजय सिंह, खलीलाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय, पुलिस चौकी प्रभारी मगहर मनीष जायसवाल, प्रदीप सिंह और पीआरओ पुलिस अधीक्षक दुर्गेश पांडेय समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। यह गश्त पर्वों के दौरान शांति बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















