सीएम योगी ने आयुष विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण, 1 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी लोकार्पण।
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भटहट, पिपरी में निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का सघन निरीक्षण किया। 1 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों विश्वविद्यालय का लोकार्पण प्रस्तावित है। सीएम ने हवाई सर्वेक्षण, स्थलीय निरीक्षण और समीक्षा बैठक के माध्यम से तैयारियों का जायजा लिया, और सुरक्षा, स्वच्छता व सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाकर राष्ट्रपति के दौरे को यादगार बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएम ने हेलिपैड से उतरते ही पंडाल, फ्लीट रूट, पौधरोपण स्थल, स्वीस कॉटेज/सेफ हाउस, मुख्य मंच और दर्शक दीर्घा की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कुलपति और अधिकारियों को विश्वविद्यालय का एक मॉडल तैयार करने का सुझाव दिया, जिसमें अकादमिक भवन, ओपीडी, आईपीडी, ओटी, और पंचकर्म केंद्र जैसी सुविधाएं प्रदर्शित हों। सीएम ने जोर दिया कि विश्वविद्यालय के नाम में “उत्तर प्रदेश” अवश्य जोड़ा जाए, क्योंकि यह पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व करता है।
गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी चूक को अस्वीकार्य बताया। उन्होंने पूरे परिसर में सघन स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंदगी पाए जाने पर जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी। साथ ही, राष्ट्रपति के हाथों हर्बल पौधरोपण और परिसर में सघन वृक्षारोपण के आदेश दिए। उन्होंने कुलपति प्रो. के. रामचंद्र रेड्डी और आयुष विभाग को दक्ष फैकल्टी की नियुक्ति के लिए त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण और बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, एडीजी डॉ. के.एस. प्रताप, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, एसएसपी राजकरन नय्यर, और सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी सहित आयुष, पुलिस, और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।















