गोरखपुर में नालों की सफाई युद्धस्तर पर, महापौर-नगर आयुक्त ने लिया जायजा
गोरखपुर।
आगामी मानसून की तैयारी में गोरखपुर नगर निगम द्वारा शहर के सभी नालों की सफाई युद्धस्तर पर की जा रही है। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने मेडिकल कॉलेज रोड पर झुंगिया के पास चल रहे नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान जोनल अधिकारी छोटेलाल यादव और कार्यवाहक सफाई निरीक्षक राजेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।
निरीक्षण में पाया गया कि नाले के स्लैब पर दुकानदारों द्वारा अवैध अतिक्रमण कर सामान रखा गया है। नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को अतिक्रमण हटाकर नाले की सफाई सुनिश्चित करने और अतिक्रमण करने वालों पर चालान करने के निर्देश दिए। नगर निगम के अधिकारी प्रतिदिन सफाई कार्य की निगरानी कर रहे हैं, ताकि बरसात से पहले जलभराव की समस्या से निपटा जा सके।















