राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रचार वाहन रवाना।
रायबरेली: मा. जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजकुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में 10 मई 2025 को दीवानी न्यायालय, रायबरेली में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना बनाई गई है। इसी कड़ी में बैंक ऑफ बड़ौदा, रायबरेली के सहयोग से उपलब्ध कराए गए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वाहन को अपर जिला जज व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनुपम शौर्य, बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक शैलेंद्र सिंह और अग्रणी जिला प्रबंधक रुपेश दुबे ने संयुक्त रूप से रवाना किया। यह प्रचार वाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आम जनता को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और लाभों के बारे में जागरूक करेगा।
लोक अदालत का उद्देश्य विवादों का त्वरित, सुलभ और मैत्रीपूर्ण समाधान करना है। प्रचार वाहन के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों पर पैम्फलेट वितरित किए गए, जिनमें लोक अदालत की तारीख, स्थान और इसके लाभों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य प्रबंधक (क्षेत्रीय कार्यालय) नवीन कुमार उपाध्याय, वसूली अधिकारी नरेंद्र झागिड़, राजीव रंजन श्रीवास्तव, शाखा प्रबंधक धीरज कश्यप, वसूली अधिकारी आदर्श बाजपेयी सहित पराविधिक स्वयंसेवक दुशेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, राजकमल, अजीत कुमार और नागेंद्र कुमार उपस्थित रहे। इन सभी ने प्रचार अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह प्रचार वाहन न केवल शहर के मुख्य मार्गों पर जनता को जागरूक करेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंचकर लोगों को लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से दीवानी, आपराधिक, मोटर दुर्घटना, वैवाहिक विवाद जैसे मामलों का निपटारा किया जाएगा। इस आयोजन से आम जनता को सस्ता और त्वरित न्याय मिलने की उम्मीद है।















