चित्रकूट में इको टूरिज्म की नई उड़ान: रानीपुर टाइगर रिजर्व के पास 13.68 करोड़ की परियोजना से प्रकृति और पर्यटन का अनूठा संगम।
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार ने चित्रकूट को इको टूरिज्म का नया हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रानीपुर टाइगर रिजर्व के आसपास पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए 13.68 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दी गई है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह परियोजना चित्रकूट की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को दुनिया के सामने लाने का एक सुनहरा अवसर है।
चित्रकूट, जो पहले से ही धार्मिक पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है, अब प्रकृति प्रेमियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। रानीपुर टाइगर रिजर्व के पास अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉटेज, ओपन पब्लिक एरिया, योग व ध्यान केंद्र, बहुउद्देश्यीय हॉल, रेस्तरां और हरित मार्ग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रशासनिक भवन, शौचालय ब्लॉक, पार्टी लॉन और प्रवेश द्वार भी इस परियोजना का हिस्सा होंगे।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, “चित्रकूट में अध्यात्म और प्रकृति का अद्भुत मेल है। इस परियोजना से न सिर्फ पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।” यह कदम चित्रकूट को विश्वस्तरीय इको टूरिज्म गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।















