सुनवाई से समाधान तक: CM योगी का जनता के प्रति समर्पण।
गोरखपुर ।।।। अपने नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के आठ सफल वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद बुधवार सुबह जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ लोगों से संवाद करते हुए कहा, “घबराइए मत, हर समस्या का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। हर पीड़ित की शिकायत का प्रभावी निस्तारण होगा।” जनता दर्शन में महिलाओं की संख्या अधिक रही। कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद पहुंचकर उन्होंने एक-एक की बात सुनी और आश्वासन दिया कि कोई भी परेशान नहीं रहेगा। प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि समस्याओं का निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी हो।
जमीन कब्जाने की शिकायतों पर कठोर कानूनी कार्रवाई के आदेश देते हुए उन्होंने अफसरों से जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को भरोसा दिलाया कि धन की कमी आड़े नहीं आएगी। अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया तेज करने और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।
बच्चों के प्रति विशेष स्नेह दिखाते हुए CM योगी ने उनसे पढ़ाई की जानकारी ली, चॉकलेट गिफ्ट की और आशीर्वाद दिया। यह जनता दर्शन उनके संवेदनशील और जन-केंद्रित नेतृत्व का जीवंत उदाहरण बना।















