घघसरा में श्री श्याम निशान यात्रा का भव्य आयोजन, बाबा खाटू श्याम के प्रति अटूट आस्था का उत्सव
गोरखपुर
सहजनवा के नगर पंचायत घघसरा में श्री श्याम लाडले परिवार के तत्वावधान में भव्य श्री श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में रथ, घोड़े, और डीजे की धुनों के साथ सैकड़ों महिलाएं, पुरुष, बालक और बालिकाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ हनुमंत नगर घघसरा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर से हुआ, जहां से बाबा खाटू श्याम के भक्तों ने हाथों में झंडे थामे निशान यात्रा में हिस्सा लिया।
यह यात्रा पुलिस चौकी रोड, हनुमान मंदिर, जयराज नगर, जेठू नगर, रिठुआखोर मार्ग और कुसम्हा रोड से गुजरते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। वहां भक्तों ने अपने निशान को बाबा के चरणों में समर्पित किया। आसपास के कई वार्डों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण बनाया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, चेयरमैन प्रभाकर दुबे, रविन्द्र त्रिपाठी, आलोक त्रिपाठी, विकास राज, शिव चरण प्रसाद सहित कई गणमान्य व्यक्तियों और श्याम भक्तों ने हिस्सा लिया। यह यात्रा बाबा खाटू श्याम के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का प्रतीक बनी।















